सिरौली में अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई, एसएसपी व प्राधिकरण ने ड्रोन सर्वे कर धार्मिक स्थल का बिजली कनेक्शन काटा, दस्तावेज न मिलने पर भवन सील

Share the news

सिरौली कला में अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसते हुए प्रशासन ने रविवार को बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। ड्रोन सर्वे के जरिए संदिग्ध निर्माणों को चिह्नित किया गया, जिसके बाद एक निर्माणाधीन धार्मिक स्थल का बिजली कनेक्शन काटकर भवन को सील कर दिया गया।

किच्छा, संवाददाता

सिरौली में बिना रजिस्ट्री और नक्शे के बनाए जा रहे भवनों की जांच के लिए प्रशासन का सत्यापन अभियान रविवार को भी जारी रहा। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन व एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम, राजस्व विभाग और ऊर्जा निगम की टीमें भी मौजूद रहीं। अचानक हुई इस ताबातोड़ कार्रवाई से सिरौली में हड़कंप मच गया।

 

निरीक्षण के दौरान टीम मौलाना आजाद स्कूल के पीछे बन रही मदरसे की निर्माणाधीन बिल्डिंग तक पहुंची। जांच में भवन से जुड़ा बिजली कनेक्शन अवैध पाया गया, जिस पर ऊर्जा निगम टीम ने तत्काल सप्लाई काट दी। पूछताछ के दौरान भवन से संबंधित वैध दस्तावेज दिखाने कोई सामने नहीं आया, जिसके बाद प्राधिकरण की टीम ने निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया।

 

प्राधिकरण के सचिव पंकज उपाध्याय ने उपाध्यक्ष जयकिशन व एसएसपी मिश्रा को क्षेत्र में भूमि और निर्माण से जुड़े मामलों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान सिरौली के पूरे इलाके का ड्रोन सर्वे भी कराया गया, जिसमें कई संदिग्ध निर्माण चिह्नित हुए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना रजिस्ट्री और नक्शे के किए गए निर्माण पर सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।

 

अभियान के दौरान ऊर्जा निगम के एसडीओ दिनेश चंद्र गुरूरानी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में खलबली है, जबकि आमजन ने इसे एक सख्त व आवश्यक कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *