रुद्रपुर। घर की टंकी की मरम्मत करने आया प्लंबर अपने साथी के साथ लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर फरार हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान स्वामी ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दोनों आरोपित कमरे में जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रीत विहार पंचवटी कॉलोनी निवासी नरेश कोली पुत्र प्रसादी लाल ने बताया कि तराई विहार टावर वाली गली निवासी यामीन अंसारी प्लंबर का काम करता है। बीते 2 नवंबर को वह अपने साथी आशु मियां के साथ घर की टंकी की मरम्मत के लिए आया था। इस दौरान यामीन ने नरेश से मरम्मत का सामान मंगाने को कहा, जिस पर वह बाजार चला गया।
इसी बीच उसकी पत्नी घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। तभी मौका पाकर यामीन और उसका साथी आशु घर में दाखिल हुए और अलमारी का लॉकर तोड़कर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए।
नरेश ने बताया कि चोरी हुए गहनों में चार सोने के कंगन, चार अंगूठियां, दो चैन, एक पेंडल, झुमके की जोड़ी, मंगलसूत्र, नथ और मांगटीका शामिल हैं। घर लौटने के बाद जब उन्होंने लॉकर खोला तो जेवरात गायब मिले।
संदेह होने पर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें दोनों आरोपित कमरे में जाते हुए कैद मिले। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके ठिकानों पर दबिश देनी शुरू कर दी है।



