मंदिर में भगदड़ से 9 की मौत, 13 घायल, एकादशी पर उमड़ी थी 15 हजार श्रद्धालुओं की भीड़

Share the news

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शुक्रवार को मचा हड़कंप। एकादशी के अवसर पर दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई, जिसमें 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हैं। मरने वालों में आठ महिलाएं और एक 13 वर्षीय लड़का शामिल हैं।

 

जानकारी के मुताबिक, नवनिर्मित मंदिर में रेलिंग टूटने से यह बड़ा हादसा हुआ। जैसे ही रेलिंग टूटी, लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे और अफरातफरी मच गई। सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

 

घायलों को पलासा अस्पताल और अन्य नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, आज करीब 15,000 श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे, जबकि सामान्य दिनों में यह संख्या 1500 से 2000 के बीच रहती है। मंदिर पहली मंजिल पर स्थित है और श्रद्धालुओं को करीब 20 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। रेलिंग टूटते ही सीढ़ियों पर चढ़ते लोगों के बीच धक्का-मुक्की बढ़ गई, जिससे भगदड़ फैल गई।

 

गृह मंत्री अनीता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को तत्काल रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

इस हृदयविदारक हादसे पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी है।

 

स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए कहा है कि दोषियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *