रुद्रपुर, संवाददाता।
नानकमत्ता में सोशल मीडिया की एक पोस्ट ने खूनी विवाद का रूप ले लिया। पड़ोसियों द्वारा पुत्रवधू की फोटो फेक आईडी से वायरल करने के विवाद में सुलह करवाने पहुंचे ससुर की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी परिवार ने एक राय होकर ससुर पर लाठी-डंडों और वसूली (ईंट तोड़ने वाले औजार) से हमला बोल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना हरी नगर कॉलोनी सिद्धा, नानकमत्ता की है। पीड़िता सोनी पत्नी शंकर विश्वास ने बताया कि पड़ोसी विद्युत विश्वास और उसके तीन पुत्रों विशाल, आशीष और विकास विश्वास ने उसकी पुरानी फोटो को एडिट कर फेक आईडी से सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इस शर्मनाक हरकत की शिकायत जब उसने अपने ससुर नितिन अरोड़ा उर्फ निक्कू (46) से की, तो वे अपने मित्र मनजीत सिंह, पत्नी अनीता विश्वास, देवर दलजीत सिंह और बहू सोनी के साथ आरोपियों के घर पूछताछ करने पहुंचे।
इस दौरान आरोपी परिवार ने गुस्से में आकर उन पर हमला कर दिया। हमले में ससुर नितिन अरोड़ा के सिर पर वसूली से वार किया गया, जिससे वे बेहोश होकर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल नितिन को पहले नानकमत्ता सीएचसी, फिर सितारगंज और अंततः रुद्रपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, सास अनीता विश्वास और मित्र मनजीत सिंह भी इस हमले में घायल हुए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया।
सीओ खटीमा विमल रावत ने बताया कि पुलिस ने पति-पत्नी और तीन पुत्रों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सभी आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
सोशल मीडिया की करतूत ने ली जान — नानकमत्ता में एक परिवार की खुशियां मातम में बदलीं।




