रुद्रपुर में व्यक्ति पर लाठी-डंडों से हमला, जान से मारने की धमकी

Share the news

रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र में बीती 20 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे एक व्यक्ति पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित हेमन्त सिंह रावल निवासी हंस विहार फेस-1, भूरारानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर के पास एक लड़का और लड़की संदिग्ध अवस्था में बैठे थे। जब उन्होंने आपत्ति जताई, तो दोनों वहां से चले गए। कुछ देर बाद उक्त युवक शिब्बू पुत्र मदन निवासी बिहारी कॉलोनी अपने साथी गोलू पासवान व अन्य युवकों के साथ वापस आया और गाली-गलौज करने लगा।

 

पीड़ित के मना करने पर हमलावरों ने उन पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे उनके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि शिब्बू और गोलू पासवान ने लाठी-डंडों से भी पिटाई की और तमंचे से जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर पत्नी और पड़ोसी दीपक जोशी ने बीच-बचाव कर किसी तरह जान बचाई। घायल को उपचार के लिए भूरारानी नारायण अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *