रुद्रपुर। हल्द्वानी मार्ग स्थित बेलबाबा मंदिर के समीप कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुई महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार रम्पुरा वार्ड 23 निवासी लगभग 50 वर्षीय भानवती देवी पत्नी स्व. नौबत राम, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्म सिंह की भाभी थीं। बताया गया कि 11 अक्टूबर की दोपहर भानवती किसी कार्य से हल्द्वानी गई थीं। लौटते समय दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बेलबाबा मंदिर के पास कार संख्या बीआर 01 एच 2358 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल भानवती को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान सोमवार की सायं उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता भी अस्पताल और मृतका के घर पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।


