परिवार पर जानलेवा हमला, घर की महिलाओं से अभद्रता, केस दर्ज

कोतवाली क्षेत्र के रम्पुरा वार्ड नंबर-24 में रविवार देर रात दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दहशत फैला दी। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि परिवार की महिला सदस्य के साथ अश्लील हरकत की गई।

जानकारी के अनुसार, वार्ड निवासी अनिल कोली ने पुलिस को दी तहरीर में मोहल्ले के कन्हैया लाल उर्फ पप्पी, धर्मेन्द्र, किशन, राहुल व रामपाल को दबंग प्रवृत्ति का बताते हुए आरोप लगाया कि ये लोग आए दिन झगड़ा करते और धमकाते रहते हैं। 17 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे अनिल का छोटा भाई अर्जुन टहलने निकला तो कन्हैया व धर्मेन्द्र ने गाली-गलौज कर हमला कर दिया। शोर सुनकर परिवार वालों ने बचाया लेकिन कुछ देर बाद राहुल, रामपाल, किशन समेत कई लोग तलवार, लोहे की रॉड व डंडे लेकर घर में घुस आए और अनिल व उसके भाई पर जानलेवा हमला किया।

 

हमले में अनिल का अंगूठा बुरी तरह कट गया और अर्जुन गंभीर रूप से घायल होकर सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया। आरोप है कि राहुल व कन्हैया ने अनिल की पत्नी के साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकत की और जान से मारने की धमकी दी। यहां तक कि परिवार के पालतू कुत्ते पर भी तलवार से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।

 

घटना की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी गई, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।