हरिद्वार। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) पेपर लीक प्रकरण में कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां पुलिस आरोपियों पर शिकंजा कस रही है, वहीं अब लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी गाज गिरनी शुरू हो गई है। असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन और सेक्टर मजिस्ट्रेट के निलंबन के बाद अब हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने दारोगा समेत दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर रोहित कुमार और कांस्टेबल ब्रह्मदत्त जोशी शामिल हैं। दोनों की ड्यूटी आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, बहादरपुर जट हरिद्वार परीक्षा केंद्र पर थी। आरोप है कि दोनों ने परीक्षा केंद्र पर संवेदनशीलता और सतर्कता नहीं बरती, जिसके चलते पेपर लीक की घटना घटित हुई। एसएसपी ने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की और जांच की जिम्मेदारी सीओ रुड़की नरेंद्र पंत को सौंपी है। सीओ को एक हफ्ते में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि 21 सितंबर को प्रदेशभर में यूकेएसएसएससी की परीक्षा आयोजित हुई थी। आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, हरिद्वार में मुख्य आरोपी खालिद ने परीक्षा दी थी। आरोप है कि परीक्षा केंद्र के 18 कमरों में से 3 में जैमर नहीं लगे थे। इन्हीं कमरों में से एक में बैठा खालिद पेपर की फोटो खींचकर बाहर भेजने में सफल रहा। उसने बहन साबिया को प्रश्नपत्र की तस्वीरें भेजीं और फिर यह मामला प्रोफेसर सुमन तक पहुंचा। सुमन ने पुलिस को सूचना देने के बजाय यह पेपर उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा अध्यक्ष बॉबी पंवार को भेज दिया, जिसने इसे सार्वजनिक कर दिया।
इस मामले में पुलिस अब तक खालिद और उसकी बहन साबिया को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन और सरकार ने परियोजना निदेशक केएन तिवारी को निलंबित कर चुकी है। अब हरिद्वार पुलिस ने दारोगा और कांस्टेबल पर भी कार्रवाई कर साफ कर दिया है कि पेपर लीक मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



