पंतनगर खुदकुशी प्रकरण: 7 दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

Share the news

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकीय विश्वविद्यालय, पंतनगर में बी.टेक प्रथम वर्ष के छात्र नीरज (निवासी किच्छा) की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने जिलाधिकारी उधमसिंह नगर को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

एबीवीपी का आरोप है कि नीरज सहित कई छात्रों को अंग्रेजी भाषा का पर्याप्त ज्ञान न होने पर कक्षा में बार-बार अपमानित और प्रताड़ित किया गया। इसी मानसिक दबाव में दो छात्रों ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिनमें से नीरज ने अपनी जान गंवा दी। संगठन ने यह भी सवाल उठाया कि घटना के तुरंत बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रावास खाली कराकर छात्रों को घर क्यों भेज दिया। एबीवीपी ने आशंका जताई कि यह कदम जांच को प्रभावित करने और साक्ष्य छिपाने का प्रयास हो सकता है।

 

संगठन ने मांग की है कि मामले की स्वतंत्र जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो, मृतक के परिजनों को मुआवजा मिले और जांच अवधि में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही विश्वविद्यालय में भाषा सहायता कक्षाएँ और काउंसलिंग सेवाएँ तत्काल शुरू करने की भी मांग उठाई गई। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि 7 दिन के भीतर कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *