उत्तराखंड के नैनीताल जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। भवाली के नगरीगांव कैलाश व्यू क्षेत्र में एक शराबी बेटे ने अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि पैसों के लिए पिता ने जब इनकार किया तो बेटे ने बेरहमी से उनकी हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक आरोपी बेटा सचिन नशे का आदी है। शनिवार को उसने अपने 65 वर्षीय पिता राजकुमार पुत्र राम सिंह से पैसे मांगे। जब पिता ने देने से मना किया तो सचिन ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे वहीं दबोच लिया गया।
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मामले की जांच भवाली पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल और कोतवाल प्रकाश मेहरा के नेतृत्व में की जा रही है।
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि आरोपी ने गुस्से में आकर अपने पिता की हत्या की। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है।



