मई के पहले सप्ताह में गर्मी से मिलेगी राहत, इस दिन होगी बारिश की संभावना, पढ़ें पूरी ख़बर

हल्द्वानी। मई के पहले सप्ताह में मौसम कुछ राहत दिलाएगा। मौसम विभाग ने मई के पहले सप्ताह में बारिश की संभावना जताई है। विशेषकर तीन मई को कुमाऊं मंडल के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बता दें नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं पर भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं दिन के समय हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कहीं कहीं पर 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

कुमाऊं के प्रमुख स्थानों का तापमान

स्थान अधिकतम न्यूनतम

हल्द्वानी 38.2 25.2

पंतनगर 39.5 21.3

मुक्तेश्वर 25.9 14.7

नैनीताल 27.2 19.2

अल्मोड़ा 33.0 12.8

पिथौरागढ़ 30.9 12.8

चम्पावत 27.2 10.1

बागेश्वर 36.7 15.6

अप्रैल के तीसरे और चौथे सप्ताह से तापमान लगातार बढ़ा रहा। वहीं भीषण गर्मी और तपिश की वजह से घरों से निकलना मुश्किल रहा। विशेषकर मैदानी इलाकों में 39 से 40 डिग्री तापमान पहुंचने से झुलसाने वाली गर्मी पड़ी। मौसम में आने वाले बदलाव की वजह से तापमान में थोड़ी राहत की संभावना है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि तीन व चार मई को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से होने वाली बारिश की वजह से तापमान में एक से तीन डिग्री की कमी आ सकती है। मैदानी इलाकों में पारा 37 से 38 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।