
देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है। पारा बढ़ने से पूरे राज्य में गर्मी बनी हुई है। वहीं राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।





राज्य में लगातार तापमान बढ़ने से मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक प्रदेश में भीषण गर्मी और लू चलने को लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तेजी से बर्फ पिघलने के कारण हिमस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार 30 अप्रैल के बाद पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। बताते चलें मार्च के बाद अप्रैल भी लगभग सूखा बीतने के चलते पूरा राज्य भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहा है। अप्रैल में अब तक तापमान बीते 13 वर्ष का रिकार्ड तोड़ चुका है और आल टाइम रिकार्ड की बराबरी को अग्रसर है। वहीं राज्य में बारिश न होने के कारण वातावरण से नमी गायब है। ऐसे में जंगल की आग की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं। पारे में उछाल के कारण जनजीवन प्रभावित है। इसी कड़ी ने मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने 29 अप्रैल तक प्रदेश में भीषण गर्मी और लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान तापमान में अत्यधिक वृद्धि हो सकती है। जबकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते 30 अप्रैल से पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।