रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे के अंदर किशोर को पंखे से लटका पाया। परिजनों की मदद से उसे तुरंत नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान प्रिंस विश्वकर्मा (17) पुत्र भूप सिंह विश्वकर्मा निवासी मोहल्ला पकड़िया, थाना खटीमा के रूप में हुई है। वर्तमान में परिवार आजाद नगर, ट्रांजिट कैंप में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोर ने बेल्ट और कपड़े का फंदा बनाकर आत्महत्या की।
बताया जा रहा है कि प्रिंस एक दिन पहले ही अपनी मौसी के घर से लौटा था। बुधवार रात किसी बात को लेकर उसके माता-पिता के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। परिजनों के अनुसार, वह पारिवारिक तनाव से काफी परेशान रहने लगा था। गुरुवार को जब उसके पिता ड्यूटी से घर लौटे तो उन्होंने बेटे को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।



