नौ प्रसव की कहानी में नया मोड़, आखिर कहां हैं दो बच्चे? 14 साल में 28 वर्षीय महिला ने नौ बच्चों को दिया जन्म, शुरुआती आठ प्रसव घर पर हुए

जांच करने पहुंची टीम को घर पर मिले केवल छह बच्चे, डीएम ने गठित की संयुक्त जांच टीम

पौड़ी। कल्जीखाल विकासखंड में 28 वर्षीय महिला के नौवीं बार मां बनने का मामला सामने आने के बाद अब दो बच्चों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। 14 साल के वैवाहिक जीवन में नौ बच्चों को जन्म देने वाली महिला के घर जांच करने पहुंची प्रशासनिक टीम को नौ में से केवल छह बच्चे ही मिले। दो बच्चों के घर पर नहीं होने की जानकारी सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य और बाल कल्याण विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, लगातार गर्भधारण और प्रसव से महिला की हालत बेहद कमजोर हो गई है।

जानकारी के अनुसार, महिला के पांच बेटे और चार बेटियां हैं। शुरुआती आठ प्रसव घर पर ही हुए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। नौवीं गर्भावस्था के दौरान छह अक्तूबर को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची तो महिला का वजन महज 38 किलोग्राम और हीमोग्लोबिन सात ग्राम प्रति डेसीलीटर मिला। उसे हाई रिस्क गर्भावस्था की श्रेणी में रखकर अस्पताल में प्रसव कराने की सलाह दी गई।

22 अक्तूबर को 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने बालक को जन्म दे दिया। बाद में जच्चा-बच्चा को अस्पताल में सुरक्षित रखा गया। जांच में यह भी सामने आया कि महिला के पास आधार कार्ड नहीं होने के कारण उसे जननी सुरक्षा और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ नहीं मिल रहा था। बच्चों को भी सरकारी पोषाहार नहीं मिल रहा था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महिला में खून और पोषक तत्वों की भारी कमी है। उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई है। डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि संयुक्त टीम जांच कर रही है कि ऐसी स्थिति कैसे बनी और कहां चूक हुई। टीम घर पर नहीं मिले दो बच्चों की स्थिति और परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने के कारणों की भी पड़ताल करेगी।