नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, रास्ते में मौत ने रोका, डंपर से कार की आमने-सामने भिड़ंत में दो महिलाओं समेत तीन की मौत, बच्ची गंभीर

शक्तिफार्म। रिश्तेदार के घर नामकरण संस्कार में शामिल होने की खुशी लेकर निकले शक्तिफार्म के तीन परिवारों पर रास्ते में दर्दनाक हादसा भारी पड़ गया। सोमवार को पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में कार और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है।

 

नगर पंचायत शक्तिफार्म के शिव मंदिर वार्ड नंबर तीन निवासी तारक मंडल (35) पुत्र निताई मंडल अपने पड़ोसी शेफाली राय (65) पत्नी स्व. दुलाल राय और देवनगर निवासी रिश्तेदार साधना (35) पत्नी सनातन गाईन, साधना के बेटे शांतनु और बेटी खुशबू के साथ कार से पूरनपुर क्षेत्र जा रहे थे। सभी एक रिश्तेदार के यहां आयोजित नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे। बताया गया कि कार तारक मंडल चला रहे थे।

 

पूरनपुर क्षेत्र में सामने से आ रहे डंपर से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तारक मंडल, शेफाली राय और साधना की मौत हो गई। साधना की बेटी खुशबू गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को उपचार के लिए भेजा। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के स्वजन मौके पर पहुंच गए।

 

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम

 

तारक मंडल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनके माता-पिता की भी मृत्यु हो चुकी थी। तारक गौ रक्षा दल से जुड़े हुए थे। उनकी मौत की खबर से परिवार और परिचितों में शोक छा गया।

 

नौ साल पहले पति की हुई थी मौत

 

शेफाली राय के पति दुलाल राय की करीब नौ वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। परिवार में अब उनका एक बेटा है। शेफाली की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।

 

साधना के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

हादसे में साधना की भी मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी खुशबू गंभीर है। परिवार में पति सनातन गाईन और दो बच्चे हैं। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से शक्तिफार्म क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।