स्कूटी लूटने में नाकाम बदमाशों ने युवक पर किया तमंचे से हमला, भागते समय दो राउंड फायर

किच्छा बाइपास पर वारदात से मचा हड़कंप, चार युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

किच्छा। किच्छा बाइपास रोड पर गुरुवार रात स्कूटी सवार युवक को घेरकर लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है। विरोध करने पर बाइक सवार चार युवकों ने युवक के सिर पर तमंचे की बट से वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह स्कूटी लेकर भागने की कोशिश करने पर आरोपितों ने पीछे से दो राउंड फायर झोंक दिए। गनीमत रही कि गोली युवक को नहीं लगी। शोर सुनकर लोगों के जुटने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।

 

खेड़ा वार्ड 19 निवासी हर्षित वाल्मीकि गुरुवार रात किसी काम से स्कूटी लेकर निकला था। बताया गया कि किच्छा बाइपास से लगी सड़क पर पहुंचते ही बाइक सवार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उसकी स्कूटी छीनने का प्रयास किया। हर्षित ने विरोध किया तो आरोपितों ने उसके सिर पर तमंचे की बट से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से वह लहूलुहान हो गया।

 

हमले के बाद भी हर्षित ने हिम्मत नहीं छोड़ी और स्कूटी लेकर वहां से निकलने लगा। आरोप है कि पीछे से हमलावरों ने उस पर दो गोलियां चला दीं। युवक ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। गोलियों की आवाज और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चारों आरोपी फरार हो चुके थे।

 

घटना के बाद पीड़ित कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। सूचना मिलते ही एसएसआई खुशवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

 

सीओ विभव सैनी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर संदीप उर्फ चिड़ी, राज, क्रिश और कृष्णा के खिलाफ जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।