खत्म हो गया पूरा परिवार, कैंची धाम से लौटते वक्त अचानक हुआ ऐसा हादसा कि चीखें भी नहीं बचा सकीं पांच जिंदगियां

Share the news

खाई में समाई खुशियां: नैनीताल हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत

-भवाली बाईपास पर अनियंत्रित होकर 60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार

-कैंची धाम से परिचित के घर जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

संवाददाता, नैनीताल।

अमृत विचार:-उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा भवालीगांव बाईपास के पास हुआ, जहां पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक सहित सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मूल रूप से उधम सिंह नगर के खटीमा निवासी बताए जा रहे हैं, जो वर्तमान में लखनऊ में रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार लखनऊ नंबर की कार में सवार परिवार 19 मई को नैनीताल घूमने आया था। गुरुवार को सभी लोग कैंची धाम क्षेत्र से भवाली गांव स्थित अपने एक परिचित के घर जा रहे थे। इसी दौरान ढैला गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे को पास में फूड वैन लगाने वाले एक व्यक्ति ने देख लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा चुफाल (45), पुत्र वासु चुफाल (19), पुत्री रावी चुफाल (12) तथा चालक अनुज कुमार मिश्रा (33) निवासी लखनऊ की मौत हुई है।

नैनीताल के सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि कार लखनऊ नंबर की थी और सभी लोग पर्यटन के उद्देश्य से नैनीताल आए थे। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *