हल्द्वानी। शहर के एक बड़े कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला और उसके साथियों ने करीब 11 साल तक कारोबारी को धमकाकर पांच करोड़ रुपये नकद वसूल लिए। इतना ही नहीं, चार प्लॉट अपने नाम करा लिए और कार व बाइक भी ले ली। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान कारोबारी को अपने सभी व्यवसाय तक गंवाने पड़े।
पीड़ित की तहरीर के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग का सिलसिला वर्ष 2015-16 में शुरू हुआ था, जो 11 नवंबर 2026 तक जारी रहा। आरोप है कि इस दौरान उसे अलग-अलग तरीके से डराया-धमकाया गया और दबाव बनाकर नकदी व संपत्ति हासिल की गई। लंबे समय तक चले इस कथित खेल में कारोबारी को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मामले में पीड़ित की तहरीर पर 18 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने ज्योति सिंह, टनकपुर रोड निवासी मो. मुश्ताक समेत पांच नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित की ओर से उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की जांच अधिकारी गंभीरता से पड़ताल कर रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
