अब पुराने बिजली मीटर होंगे बेकार! रुद्रपुर में शुरू होगा स्मार्ट मीटर अभियान, कई इलाकों में बदले जाएंगे मीटर; विभाग ने विरोध और अव्यवस्था रोकने को मांगा प्रशासन व जनता का सहयोग

Share the news

रुद्रपुर में शुरू होगा स्मार्ट मीटर अभियान, 25 मई से अलग-अलग क्षेत्रों में लगेेंगे मीटर

दो चरणों में चलेगा कार्य, बिजली व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में विभाग की बड़ी पहल

रुद्रपुर। विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में ऊर्जा विभाग ने रुद्रपुर मंडल में स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। केंद्र सरकार की निर्धारित समय-सीमा और भारतीय मानकों के अनुरूप अब उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर स्थापित किए जाएंगे। विभाग ने इसके लिए दो चरणों में कार्य योजना जारी कर दी है।

नोडल इंजीनियर इंचार्ज स्मार्ट मीटरिंग एवं अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड ने बताया कि संचार नेटवर्क वाले क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। पहले चरण में 25 मई से खेड़ा क्षेत्र में अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद 28 मई को पहाड़गंज, 30 मई को भूत बंगला, 3 जून को सेठिया मेन मार्केट तथा 5 जून को प्रीत विहार में स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।

विभाग के अनुसार दूसरे चरण का कार्य 8 जून से शुरू होगा। इस दौरान 8 जून को रम्पुरा, 11 जून को आवास विकास, 15 जून को ट्रांजिट कैंप, 18 जून को जय नगर तथा 22 जून को छत्तरपुर गांव में स्मार्ट मीटर स्थापना का कार्य किया जाएगा।

अधिकारियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने से बिजली उपभोग की सटीक निगरानी, बिलिंग में पारदर्शिता और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। साथ ही बिजली चोरी और लाइन लॉस पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्य पूरी तरह जनहित और विद्युत व्यवस्था के आधुनिकीकरण के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा गया है। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि स्मार्ट मीटर स्थापना अभियान को सफल बनाने में विभाग का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *