उत्तराखंड में गुजरात के रिटायर्ड विंग कमांडर के फ्लैटों पर कब्जा! बड़े संत और शिष्य पर संगीन आरोप..

गुजरात निवासी 81 वर्षीय रिटायर्ड विंग कमांडर मनमोहन सिंह पेंटल ने हरिद्वार के कनखल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उनके चार फ्लैटों पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इस मामले में कनखल के एक बड़े संत और उनके शिष्य पर आरोप लगाए गए हैं।

फ्लैटों पर कब्जे का आरोप

मनमोहन सिंह पेंटल के अनुसार, उनके पिता सरदार करतार सिंह पेंटल ने वर्ष 2000 में हरिद्वार में ये फ्लैट खरीदे थे। नवंबर 2003 में उनके पिता के निधन के बाद, उन्होंने दिसंबर 2003 में इन फ्लैटों पर ताले लगा दिए थे और चाबियां अपने पास रख ली थीं। लेकिन बीमारी और व्यक्तिगत कारणों से वे लंबे समय तक हरिद्वार नहीं आ सके।

हाल ही में उन्हें जानकारी मिली कि एक व्यक्ति ने उनके फ्लैटों पर कब्जा कर लिया है और दावा कर रहा है कि उसने यह संपत्ति एक संत के शिष्य से खरीदी है।

फर्जी दस्तावेजों से कब्जे का आरोप

रिटायर्ड अफसर का कहना है कि उनके पिता ने ये फ्लैट न तो किसी को बेचे थे और न ही किसी संत को दान में दिए थे। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके फ्लैटों पर अवैध कब्जा कर लिया है।

पुलिस जांच में जुटी

कनखल थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि उन्हें कब्जे की शिकायत मिली है और इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

“शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी:-“मनोज नौटियाल, थाना प्रभारी, कनखल, हरिद्वार

हरिद्वार पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है।