बागवाला में खुलेगा नया सरकारी स्कूल, विधायक शिव अरोड़ा की पहल से जगी उम्मीद

Share the news

रुद्रपुर। शहर के बागवाला क्षेत्र के लिए शिक्षा के मोर्चे पर एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी और बच्चों की शिक्षा की जरूरत को देखते हुए विधायक शिव अरोड़ा ने झील बस्ती में नए राजकीय प्राथमिक विद्यालय की स्थापना के लिए पहल तेज कर दी है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर प्रस्ताव को आगे बढ़ाया है।

बागवाला क्षेत्र भविष्य में एक बड़े रिहायशी हब के रूप में विकसित हो रहा है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1872 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है, जिनका जल्द आवंटन होना है। इसके अलावा झील बस्ती में पहले से 500 से 700 गरीब परिवार निवास कर रहे हैं, जिनके बच्चों को शिक्षा के लिए दूर-दराज के स्कूलों का सहारा लेना पड़ता है।

विधायक शिव अरोड़ा ने बताया कि शिक्षा का अधिकार सुनिश्चित करने के लिए इस क्षेत्र में स्कूल की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव को ब्लॉक और जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से निदेशालय भेज दिया गया है और जिलाधिकारी ने भी इस पर सहमति दे दी है।

इस दौरान ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्राम प्रधान ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्कूल खुलने से गरीब बच्चों को घर के पास ही शिक्षा मिल सकेगी।

प्रशासन की मंजूरी के बाद अब जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के हजारों बच्चों का भविष्य संवरने की राह आसान होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *