मोदी मैदान में सजा स्थानीय उत्पादों का बाजार, 60 स्टॉलों पर महिला समूहों की दिखेगी ताकत

उत्तराखंड उदय एक्सपोर्ट 2026 एवं किसान मेले का मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया शुभारंभ, 21 सितंबर तक चलेगा आयोजन

रुद्रपुर। मोदी मैदान में गुरुवार से स्थानीय उत्पादों, कृषि सामग्री और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का बाजार सज गया। ग्राम्य विकास, लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने पांच दिवसीय उत्तराखंड उदय एक्सपोर्ट 2026 एवं किसान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की जानकारी ली।

मेले में कुल 80 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 60 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए आरक्षित हैं। यहां समूहों की ओर से तैयार किए गए विभिन्न स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ उनकी बिक्री भी की जा रही है। मेले में किसानों, उद्यमियों और ग्रामीण उत्पादकों को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।

मंत्री चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ किसानों, स्वरोजगार से जुड़े लोगों और महिला समूहों को नई संभावनाओं से जोड़ते हैं। उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और बाजार की मांग को समझने में भी इससे मदद मिलती है।

आयोजक समिति के निदेशक एसके त्रिपाठी ने बताया कि मेला 17 से 21 सितंबर तक चलेगा। इसमें कुमाऊं मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से किसानों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, भाजपा नेता सुरेश कोली समेत अधिकारी, किसान, उद्यमी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।