रुद्रपुर। ऊर्जा निगम में कार्यरत एक लाइनमैन की रविवार रात करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और ऊर्जा निगम के अधिकारियों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। परिजनों ने इसे हादसा नहीं बल्कि साजिश बताया है।
मृतक शिव कुमार (48) शिमला पिस्तौर गांव के रहने वाले थे और वर्षों से किच्छा सब डिविजन में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से लाइनमैन का कार्य कर रहे थे। रविवार रात मलसी रोड स्थित निर्माणाधीन सत्यम मेंटल कंपनी के पास लाइन में फॉल्ट आने की सूचना पर शिव कुमार, बेटे नरेश के साथ मौके पर पहुंचे थे। बताया गया कि शिव कुमार ने कच्ची खमरिया स्थित बिजली घर से शटडाउन लिया था और कर्मचारी सचिन से फोन पर बात भी की थी।
पोल पर चढ़कर जैसे ही उन्होंने लाइन पर काम शुरू किया, करंट लगने से वे नीचे गिर पड़े। जमीन पर गिरने से सिर पर गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जेई को जमकर खरी-खोटी सुनाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब शव को हटाने की कोशिश की तो परिजनों ने उसे रोक दिया।
मामला बढ़ता देख एसएसआई ललित मोहन रावल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और एसडीओ डीसी गुरुरानी ने पहुंचकर परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव को मोर्चरी भेजा गया। सोमवार सुबह एसडीओ मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
अधिशासी अभियंता संजय मिश्रा ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लाइनमैन ने जिस लाइन का शटडाउन लिया, वह अलग थी, और वह दूसरी लाइन पर काम कर रहे थे। एसडीओ और जेई की रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को सौंप दी गई है। सर्किल कार्यालय से जांच कमेटी का गठन किया जाएगा, जिससे पूरे मामले की विस्तृत जांच हो सके।
मृतक शिव कुमार अपने पीछे दो बेटों और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं।



