35 हजार की नौकरी छोड़ी, अब खुद कमा रहे 80 हजार रुपये महीना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से मनप्रीत सिंह ने शुरू किया कारोबार, एक व्यक्ति को दिया रोजगार

रुद्रपुर। निजी कंपनी में 35 हजार रुपये महीने की नौकरी करने वाले गदरपुर के मनप्रीत सिंह आज खुद का कारोबार कर प्रतिमाह 70 से 80 हजार रुपये तक कमा रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से मिली आर्थिक मदद ने उनके सपने को उड़ान दी। वर्ष 2022 में चार लाख रुपये का ऋण लेकर कारोबार शुरू करने वाले मनप्रीत आज न सिर्फ आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि एक अन्य व्यक्ति को भी रोजगार दे रहे हैं।

 

गदरपुर विकासखंड के ग्राम रतनपुरा निवासी मनप्रीत सिंह पहले एक निजी सर्जिकल कंपनी में नौकरी करते थे। करीब तीन साल तक कंपनी में काम करने के दौरान उन्हें प्रतिमाह 35 हजार रुपये वेतन मिलता था। नौकरी से मिले अनुभव के बाद उन्होंने खुद का कारोबार शुरू करने का फैसला लिया। इसके लिए उन्होंने जिला उद्योग केंद्र से संपर्क कर स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी ली।

 

योजना की जानकारी और मार्गदर्शन मिलने के बाद मनप्रीत ने वर्ष 2022 में एमएसएमई के अंतर्गत चार लाख रुपये का ऋण लेकर अपना कारोबार शुरू किया। इसमें उन्हें 66 हजार रुपये की सब्सिडी भी मिली। इससे कारोबार स्थापित करने में उन्हें आर्थिक मदद मिली। शुरुआती दौर में मेहनत और अनुभव के दम पर उन्होंने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। अब वह कारोबार से हर महीने करीब 70 से 80 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं।

 

मनप्रीत का कहना है कि स्वरोजगार के माध्यम से उन्हें अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ने का अवसर मिला। आज वह आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ ही दूसरे व्यक्ति को भी रोजगार दे रहे हैं। उनकी यह सफलता उन युवाओं के लिए मिसाल है, जो नौकरी के बजाय अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, लेकिन पूंजी की कमी के कारण कदम नहीं बढ़ा पाते।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें रोजगार देने वाला बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। मनप्रीत सिंह की सफलता इसी दिशा में एक उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर युवा अपना कारोबार खड़ा कर सकते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित कर सकते हैं।