“उत्तराखंड में नशे का जाल: अल्मोड़ा में 2 गांजा तस्कर दबोचे, गदरपुर में चरस संग 2 गिरफ्तार”

उत्तराखंड में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। हाल ही में अल्मोड़ा और उधम सिंह नगर से दो बड़े मामले सामने आए हैं। जहां पुलिस ने कुल चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और चरस बरामद की है। चलिए आपको बताते हैं पूरी खबर..

पहला मामला अल्मोड़ा जिले के देघाट क्षेत्र का है, जहां पुलिस चेकिंग के दौरान केलानी रोड पर सुरमोली तिराहे के पास एक कार (DL 9 CAD 1959) को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 17.502 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार पीयूष चंद्रा और मोहम्मद हुसैन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गांजा सराईखेत से लाए थे और इसे ऊंचे दामों पर रामनगर में बेचने की तैयारी में थे। बरामद गांजे की कीमत 4 लाख 37 हजार रुपए आंकी गई है।

देघाट थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत:- “दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में तस्करी को लेकर अहम जानकारी मिली है, जिस पर आगे कार्रवाई की जाएगी।”

दूसरा मामला उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर का है। यहां पुलिस ने पत्थरकुई के पास से बाइक सवार दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 501 ग्राम चरस बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम मोहन सिंह और दिनेश सिंह बताया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये चरस गदरपुर क्षेत्र में 1200 रुपए प्रति तोला के हिसाब से बेचते थे।

पुलिस ने चरस तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक को भी सीज कर दिया है और अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

उत्तराखंड पुलिस की इन कार्रवाइयों ने यह साबित कर दिया है कि राज्य में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के बाकी सदस्यों पर भी कार्रवाई जारी रहेगी।