रुद्रपुर। किच्छा बाइपास स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक से धुआं निकलता देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक रोक दी और कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों में घिर गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार बिगवाड़ा निवासी सोनू प्रताप अपनी बाइक से किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही वह किच्छा बाइपास पर महिंद्रा शोरूम के सामने पहुंचे, उनकी बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में बाइक में आग भड़क उठी। स्थिति को गंभीर होता देख सोनू प्रताप ने तुरंत बाइक सड़क किनारे रोकी और उससे दूर हट गए। उनकी सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगा दी। कुछ लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि अन्य लोगों ने सड़क पर यातायात नियंत्रित कर हालात संभाले। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बाइक बुरी तरह जल चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। आग लगने से कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा और मौके पर भीड़ लगी रही। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और बाइक सवार पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।



