जिले में बड़ा सड़क हादसा, खत्म हुई एक साथ पांच जिन्दगियां, मची चीख पुकार 

Share the news

सब हेडलाइन

देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर सबदरखाल के पास हादसा, 16 वर्षीय किशोर गंभीर घायल, हरिद्वार के लक्सर के थे सभी सवार

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पांच जिंदगियां छीन लीं। देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर सबदरखाल के पास एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अन्य व्यक्ति के लापता होने पर एसडीआरएफ और पुलिस का सर्च अभियान देर शाम तक जारी रहा।

जानकारी के अनुसार बोलेरो में हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के सात लोग सवार थे, जो किसी कार्य से पौड़ी जा रहे थे। सुबह करीब 11:30 बजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षक मंजरी नेगी के नेतृत्व में रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन पांच लोगों की तब तक मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान अफजाल (49), गुफरान (34), सब्बू (40), अनामिया (3) और शादाब (14) के रूप में हुई है। हादसे में घायल 16 वर्षीय अरम को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए श्रीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हुई है, एक किशोर घायल है और एक व्यक्ति अब भी लापता है। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से सघन सर्च अभियान चला रही हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *