रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में मामूली विवाद के बाद हुए खूनी संघर्ष में लीलाधर की हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। उसका हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, मामले में नामजद दो अन्य आरोपी प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की शाम रेशमबाड़ी निवासी जोहरी लाल का नाती अनुज बाइक से बाजार जा रहा था। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर विनोद कश्यप ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी विवाद के बाद रात में विनोद अपने साथियों के साथ राम अवतार के घर पहुंच गया। वहां परिवार के लोगों के साथ गालीगलौज और मारपीट की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। इसमें लीलाधर, राहुल समेत कई लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। मामले में जोहरी लाल की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, बलवा और मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान 27 नवंबर को पुलिस ने बागवाड़ा मंडी गेट के सामने किच्छा रोड से सुभाष राठौर और विनोद कश्यप को गिरफ्तार कर लिया।
शनिवार सुबह भगवानपुर क्षेत्र में सरदारों के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस को शिवम चंद्रा के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखकर आरोपी खेतों की ओर भागा और पेड़ की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। चेतावनी के बाद भी गोली चलने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें शिवम के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आईं।
वहीं, शनिवार को ही पुलिस ने मेडिसिटी अस्पताल के पास तीनपानी तिराहे से चौथे आरोपी अरुण कुमार ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्त में हैं, जबकि प्रिंस ठाकुर और प्रियांशु कश्यप की तलाश जारी है।
