दोनों वाहन चालकों की मानी अंशदायी लापरवाही; दो बीमा कंपनियां 60 और 40 प्रतिशत राशि करेंगी अदा
रुद्रपुर। तीन दोस्तों की जान लेने वाले वर्ष 2022 के भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मेडिकल छात्र को आखिरकार न्यायिक राहत मिली है। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) ने घायल सैय्यद ताहा रिजवी को 11 लाख 87 हजार 120 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। तृतीय अपर जिला जज मुकेश चंद्र आर्य की अदालत ने हादसे के लिए दोनों वाहनों के चालकों की अंशदायी लापरवाही मानी है। ऐसे में मुआवजे की जिम्मेदारी भी दोनों वाहनों की बीमा कंपनियों पर अलग-अलग तय की गई है। मुआवजा राशि पर सात प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज भी देना होगा।
अदालत के निर्णय के अनुसार, हादसा 20 मार्च 2022 की रात करीब 11:40 बजे हरदोई-संडीला-लखनऊ मार्ग पर मलिहाबाद थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के पास हुआ था। सैय्यद ताहा रिजवी अपने दोस्तों मोहम्मद अमान अंसारी, अयान अहमद खान और अशरफ हाशमी के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की आयशर कैंटर (डीसीएम) से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि ताहा रिजवी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायल छात्र का लखनऊ के चंदन हॉस्पिटल में उपचार और ऑपरेशन कराया गया था। अदालत ने चिकित्सीय खर्च, शारीरिक और मानसिक पीड़ा, आवागमन, पौष्टिक आहार, सुख-सुविधाओं की क्षति और वाद व्यय समेत कुल 11,87,120 रुपये मुआवजा निर्धारित किया।
अदालत ने कैंटर की बीमा कंपनी दि न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को 60 प्रतिशत और कार की बीमा कंपनी बजाज एलायंज जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को 40 प्रतिशत राशि चुकाने का आदेश दिया है। ब्याज की गणना याचिका पुनर्स्थापित होने की तिथि 21 जुलाई 2025 से भुगतान तक होगी। दोनों बीमा कंपनियों को 45 दिन के भीतर मुआवजा और ब्याज की रकम अधिकरण में जमा करनी होगी। वहीं, याचिकाकर्ता को 30 दिन में बैंक खाते का पूरा विवरण दाखिल करना होगा। अदालत ने यह फैसला 27 नवंबर 2026 को सुनाया।
