पत्नी की हत्या के आरोपी ने जमानत पर बाहर आकर दी धमकी, केस वापस लेने का बनाया दबाव, गवाही से पहले वादी और उसके परिवार को जान से मारने की चेतावनी

रुद्रपुर। पत्नी की हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आए आरोपी ने अब वादी और उसके परिवार को धमकाना शुरू कर दिया है। आरोप है कि फोन कर उसने मुकदमा वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने मुकदमे की पैरवी कर रही वादी की साली को भी देख लेने की चेतावनी दी है। पीड़ित ने न्यायालय में गवाही से पहले किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर निवासी केहरी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2021 में महेश राठौर उसकी पत्नी नीतू को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि महेश ने रहिस अंसारी के साथ मिलकर उसकी पत्नी की हत्या कर दी थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।

केहरी सिंह के मुताबिक, हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आए महेश राठौर ने उसे फोन किया और मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया। आरोपी ने समझौता करने की बात कही। इस पर उसने बताया कि मुकदमे की पैरवी उसकी साली चंदा कर रही है। आरोप है कि यह सुनते ही महेश ने चंदा का मोबाइल नंबर मांगा और उसे भी देख लेने की धमकी दी। पीड़ित ने आशंका जताई कि न्यायालय में गवाही के दौरान आरोपी उसके और परिवार के साथ कोई अनहोनी कर सकता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई रमेश चंदौला को सौंपी गई है।