रुद्रपुर। उधारी की रकम वसूलने के लिए डेयरी संचालक की दुकान से दो डीप फ्रीज जबरन उठा ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उधारी चुकाने के बाद भी आरोपियों ने फ्रीज वापस नहीं किए। उल्टा, फ्रीज मांगने पहुंचे डेयरी संचालक के बेटे के साथ मारपीट कर उसके 15 हजार रुपये भी छीन लिए। पुलिस स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर ट्रांजिट कैंप पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शिव नगर निवासी कमल गुप्ता की जनपथ रोड फुलसुंगा में श्रीश्याम बालाजी डेयरी के नाम से दुकान है। कमल ने प्रथम अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एसीजेएम न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसे नारायण कॉलोनी निवासी विनोद के कुछ रुपये लौटाने थे। आरोप है कि सात अगस्त को विनोद अपने साथी कृष्णा और रंजीत के साथ उसकी डेयरी पर पहुंचा। तीनों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और दुकान में रखे दो डीप फ्रीज जबरन उठाकर ले गए। इससे डेयरी में रखा कच्चा माल भी खराब हो गया।
कमल के मुताबिक, उसने किसी तरह रुपयों का इंतजाम कर उधारी की रकम चुका दी, लेकिन इसके बाद भी आरोपियों ने डीप फ्रीज वापस नहीं किए। 11 सितंबर को उसका बेटा प्रत्येक्ष गुप्ता सामान लेने बाजार जा रहा था। रास्ते में कृष्णा डेयरी पर आरोपियों से फ्रीज वापस मांगे तो विनोद और कृष्णा ने उसके साथ गाली-गलौच और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान सामान खरीदने के लिए रखे 15 हजार रुपये भी छीन लिए।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने विनोद, कृष्णा और रंजीत के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 304(2), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई है।
