शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को रोकना पड़ा भारी, सिक्योरिटी गार्ड की चाकू मारकर हत्या

भांजे को पीटते देख बीच-बचाव करने पहुंचे थे लीलाधर, तीन अन्य भी चाकू लगने से घायल; वारदात के बाद आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को रोकना एक सिक्योरिटी गार्ड को भारी पड़ गया। भांजे के साथ मारपीट होते देख बीच-बचाव करने पहुंचे गार्ड पर युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में गार्ड की मौत हो गई, जबकि उसका भांजा समेत तीन लोग घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सरेराह हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

रेशमबाड़ी निवासी 50 वर्षीय लीलाधर एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड थे। देर रात ड्यूटी पूरी कर वह घर लौट रहे थे। घर के पास कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। इस पर लीलाधर के भांजे राहुल पुत्र विजेंद्र पाल ने युवकों को ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर युवकों ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। भांजे को पिटता देख लीलाधर भी मौके पर पहुंच गए और युवकों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने राहुल के अलावा रामअवतार और अनुज को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।

चारों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी प्रमोद कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। तनाव को देखते हुए रेशमबाड़ी में पुलिस बल तैनात किया गया।

आधी रात एसएसपी ने की बैठक, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने रात करीब 12 बजे अधिकारियों के साथ बैठक कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि रेशमबाड़ी क्षेत्र में स्थानीय युवकों और कुछ दूरी पर रहने वाले अन्य युवकों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान एक-दो युवकों ने चाकू से हमला किया, जिसमें लीलाधर की मौत हो गई। घायलों से पूछताछ की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।