रुद्रपुर। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 22 नवंबर को रुद्रपुर में भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर विधायक शिव अरोरा ने सोमवार को गुरुद्वारा गोल मार्केट प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों के साथ निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मार्ग पर व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विधायक ने त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक नगर कीर्तन के प्रस्तावित मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में मार्ग पर किसी तरह की बाधा नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि गुरु पर्व पर निकलने वाले नगर कीर्तन में रुद्रपुर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह आयोजन सिख समाज की आस्था, सेवा, समर्पण और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन को भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुद्वारा कमेटी के साथ मिलकर तैयारियों का जायजा लिया गया है।
उन्होंने बताया कि बाजार क्षेत्र में विभिन्न मार्गों के निर्माण का कार्य पहले ही पूरा कराया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा कमेटी के सरदार जोगेंद्र सिंह, अजमेर सिंह, जीत सिंह, जैनीसरेन सिंह, वीरेंद्र सुखीजा और सरवन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
