नितेश हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, ट्रांजिट कैंप कोतवाल और आवास विकास चौकी प्रभारी हटाए गए; एसएसपी ने चार निरीक्षकों-दरोगाओं के कार्यक्षेत्र बदले

एसएसपी अजय गणपति ने किया तबादला, लापरवाही को लेकर दोनों की भूमिका की जांच की उठ रही थी मांग

रुद्रपुर। जिला अस्पताल में मोबाइल शॉप संचालक नितेश की हत्या के बाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। एसएसपी अजय गणपति ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धरमवीर सोलंकी और आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र को उनके वर्तमान तैनाती स्थल से हटा दिया है। दोनों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे थे। ऐसे में इस फेरबदल को अहम माना जा रहा है।

एसएसपी की ओर से 14 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षक धरमवीर सोलंकी को ट्रांजिट कैंप कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पद से हटाकर एएनटीएफ का प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस लाइन रुद्रपुर में तैनात निरीक्षक रमेश तनवार को ट्रांजिट कैंप कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा आवास विकास चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र को वहां से हटाकर किच्छा कोतवाली की दरऊ चौकी का प्रभारी बनाया गया है। दरऊ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन जोशी को आवास विकास चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि जिला अस्पताल में मोबाइल शॉप संचालक नितेश की हत्या के बाद घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए थे। मुख्य हमलावर विकास कुमार की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस अभिरक्षा से उसके फरार होने की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया था। हत्याकांड के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग उठ रही थी।

हालांकि तबादला आदेश में हत्याकांड को कार्रवाई का आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। चार पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। नए तैनाती स्थलों पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।