काशीपुर। दीपावली की रात आतिशबाजी के दौरान रॉकेट रेस्टोरेंट की छत पर बनी झोपड़ियों में जा गिरा। इससे ग्राम निझरा स्थित एक फैमिली रेस्टोरेंट की तीन हट में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग की स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग आग पर काबू पा चुके थे। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि आठ नवंबर की रात 10:38 बजे ग्राम निझरा में रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। इस पर फायर स्टेशन से एक यूनिट मौके पर भेजी गई। वहां पहुंचने पर पता चला कि रेस्टोरेंट की छत पर बनी तीन हट आग की चपेट में आई थीं। स्थानीय लोगों ने दमकल वाहन पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी थी।
वहीं, परमानंदपुर में भी एक मकान में आग लगने की सूचना पर दमकल टीम रवाना हुई। टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया। दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
