ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की एक युवती ने युवक पर पीछा करने, अभद्रता करने, मारपीट और फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि युवक की हरकतें रुद्रपुर से लेकर नोएडा तक जारी रहीं। यहां तक कि उसने एआई की मदद से युवती की मांग में सिंदूर भरी तस्वीर तैयार कर उसके पिता और रिश्तेदारों को व्हाट्सएप पर भेज दी। मामले में पुलिस से शिकायत के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर युवती ने न्यायालय की शरण ली है।
प्रथम अपर सिविल जज प्रथम, रुद्रपुर की अदालत में धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत दाखिल प्रार्थना पत्र में महक कोली ने बताया कि वह नीट की तैयारी कर रही थीं। कोचिंग सेंटर में उनकी दोस्ती आरोपी की बहन से हुई थी। इसी दौरान आरोपी अनिल रस्तोगी से बातचीत शुरू हुई। करीब एक महीने बाद उसे पता चला कि आरोपी पहले ही प्रेम विवाह कर चुका है और उसका एक बच्चा भी है। इसके बाद उसने बातचीत बंद कर दी।
आरोप है कि इससे नाराज होकर युवक ने उसका पीछा करना और सोशल मीडिया पर गाली-गलौज कर बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दिया। परेशान होकर परिजनों ने उसे नोएडा भेज दिया, जहां वह मैक्स अस्पताल में नौकरी करने लगी। युवती का आरोप है कि आरोपी वहां भी उसका पता लगाकर पीजी पहुंच गया और हंगामा किया। अस्पताल में रात्रि ड्यूटी के दौरान भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।
युवती के मुताबिक, एक अक्तूबर को आरोपी ने एआई से उसकी मांग में सिंदूर भरी तस्वीर तैयार कर परिजनों को भेज दी। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल कर नौकरी नहीं करने देने और शादी न करने पर आत्महत्या करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। युवती ने सात अक्तूबर को ट्रांजिट कैंप थाने और नौ अक्तूबर को एसएसपी को शिकायत दी थी। कार्रवाई नहीं होने पर अब न्यायालय से रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश देने की मांग की है।
