– हाईवे किनारे वाहन का इंतजार करते समय हुआ हादसा, नौ साल की बेटी गंभीर घायल
– किच्छा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने तीनों को मारी टक्कर, चालक हिरासत में
सितारगंज। स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने जा रही मां और उसकी दो बेटियों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। शनिवार सुबह नेशनल हाईवे पर आरके ढाबे के पास हुए हादसे में मां और छह साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ साल की दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, मीनू देवी (34) शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे अपनी बेटियों अंशिका (6) और राधिका (9) के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। तीनों आरके ढाबे के पास हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान किच्छा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मीनू देवी और अंशिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं राधिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मां और मासूम बेटी की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
