दुबई में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले का बड़ा खेल उजागर, जेड ग्लोबल कार्यालय से 61 पासपोर्ट, अवैध पिस्टल और डायरी बरामद

रुद्रपुर। दुबई में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के आवास विकास स्थित जेड ग्लोबल कार्यालय से पुलिस को 61 पासपोर्ट, एक डायरी और .32 बोर का अवैध पिस्टल मिला है। पासपोर्टों की संख्या सामने आने के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने कितने अन्य लोगों को विदेश भेजने के नाम पर अपने जाल में फंसाया है।

पुलिस के अनुसार, वार्ड 21 निवासी मुजाहिद ने 29 अक्तूबर को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि प्रीत विहार निवासी अलीम खान ने उसे दुबई में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट पर भेजने का भरोसा दिया था। इसके लिए उसने अपनी मोटरसाइकिल और जेवर बेचकर आरोपी को दो लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि आरोपी ने उसे वर्क परमिट के बजाय विजिटर वीजा पर दुबई भेज दिया। वीजा को एडिट कर वर्क वीजा जैसा दिखाया गया था। वहां पहुंचने पर सच्चाई सामने आई और उसे परेशानी के साथ जुर्माना भी भरना पड़ा।

भारत लौटने के बाद रकम मांगने पर आरोपी ने 30 हजार रुपये ही लौटाए और बाकी 1.70 लाख रुपये देने से मना कर दिया। पीड़ित ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया। इस पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया था।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर उपनिरीक्षक धीरज टम्टा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी अलीम खान (29) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कार्यालय से 61 पासपोर्ट, डायरी और अवैध पिस्टल बरामद हुआ। पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट और इमिग्रेशन एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। आरोपी की स्कूटी भी सीज की गई है। पुलिस बरामद पासपोर्टों के आधार पर अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।