रुद्रपुर। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और जनसमस्याओं की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है। आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को ऊधम सिंह नगर में विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने व्यापारियों, उद्योगपतियों और संबंधित संस्थानों से मिली शिकायतों पर एसएसपी अजय गणपति को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। बैठक में बाजारों में अतिक्रमण, प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। आईजी ने व्यापारियों से दुकानों का सामान निर्धारित परिसर में रखने और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने को कहा। दीपावली पर पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थलों पर वैध लाइसेंस के साथ करने और अग्निशमन उपकरणों को चालू हालत में रखने के निर्देश दिए। ज्वेलर्स को आभूषण दिखाते समय सतर्कता बरतने और प्रतिष्ठानों की निगरानी मजबूत रखने को कहा गया। स्कूल संचालकों को बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों का पालन कराने के साथ विद्यार्थियों को साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
औद्योगिक इकाइयों में सीसीटीवी और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा मालवाहक वाहनों का संचालन यातायात नियमों के अनुसार कराने को कहा गया। बैंक प्रबंधकों को एमआरएम पोर्टल के माध्यम से फ्रीज धनराशि वापस कराने से जुड़े मामलों में समयबद्ध प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में परिवहन संचालकों, व्यापार मंडल, स्कूल एसोसिएशन, बैंक प्रबंधकों और ज्वेलर्स के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। आईजी ने सभी संबंधित पक्षों से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने में सहयोग की अपील की। बैठक में एसएसपी अजय गणपति समेत पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
