रुद्रपुर। पीलीभीत रोड पर चारुबेटा मुंडेली के पास रविवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि सड़क पर पैदल चल रहा एक राहगीर घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब अनियंत्रित बाइक पहले राहगीर से टकराई और फिर कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चंदेली निवासी मंदीप सिंह (25) पुत्र त्रिलोक सिंह रविवार रात बाइक से जा रहा था। पीलीभीत रोड पर चारुबेटा मुंडेली के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान सड़क पर पैदल चल रहे एक युवक को टक्कर मारने के बाद बाइक कार से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मंदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, पैदल चल रहा युवक भी चोटिल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गंभीर रूप से घायल मंदीप को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे नागरिक चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिजनों में शोक छा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को कब्जे में ले लिया है। हादसे में घायल राहगीर के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
