रुद्रपुर। वर्षों से बंद और बदहाल पड़े प्रेस क्लब भवन के फिर से गुलजार होने की उम्मीद जगी है। महापौर विकास शर्मा की मध्यस्थता में पत्रकारों के बीच संचालन को लेकर सहमति बन गई है। अब नगर निगम भवन का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराने के साथ ही फर्नीचर, कंप्यूटर समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। संचालन में पत्रकारों की गठित कमेटी सहयोग करेगी।
शुक्रवार को पत्रकारों ने महापौर के समक्ष भवन की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए इसे उपयोग में लाने की मांग की। वार्ता के बाद तय हुआ कि भवन की देखरेख नगर निगम करेगा। इसकी चाबी नगर आयुक्त के पास रहेगी और संचालन सिटी क्लब की तर्ज पर किया जाएगा।
वर्ष 2011 में आदर्श कॉलोनी में 9.50 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन का संचालन को लेकर सहमति नहीं बनने के कारण लोकार्पण तक नहीं हो सका था। लंबे समय तक बंद रहने और देखरेख के अभाव में भवन जर्जर हो गया। प्रशासन ने भी गतिरोध के चलते इस पर ताला लगा दिया था।
महापौर ने कहा कि भवन को पत्रकारों के लिए व्यवस्थित केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पत्रकारिता से जुड़ी गतिविधियों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी। सभी सुविधाएं उपलब्ध होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भवन का लोकार्पण कराने की योजना है। सहमति बनने से लंबे समय से अनुपयोगी पड़े सार्वजनिक भवन के सदुपयोग का रास्ता साफ हुआ है।
