रात में कमरे का दरवाजा खुला तो उड़ गए परिजनों के होश, फंदे से लटका मिला परिवार के इकलौते कमाऊ बेटे मिंटू का शव

रुद्रपुर। रंपुरा क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पिता के निधन के बाद वह परिवार का सहारा था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

 

जानकारी के अनुसार, रंपुरा निवासी मिंटू कोहली (20) पुत्र स्व. बाबूराम बाइक सर्विसिंग का काम करता था। वह परिवार में कमाने वाला सदस्य था और अपनी मां व भाई-बहनों के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मां सब्जी बेचकर परिवार का खर्च चलाती हैं। परिवार में चार बच्चे हैं।

 

बताया गया कि बृहस्पतिवार रात मिंटू अपने कमरे में था। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह बल्ली से चुन्नी के सहारे बने फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद युवक को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।