बाजपुर। रामजीवनपुर गांव में घर में घुसकर नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसके परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, 17 अक्तूबर को महिला मवेशियों के लिए घास लेने गई थी। उसका पति और बेटा मजदूरी करने गए थे। इस दौरान घर में अकेली नाबालिग बेटी के साथ एक युवक ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की। किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के जुटने की आहट पाकर आरोपी वहां से भाग निकला।
आरोप है कि महिला जब घास लेकर घर लौट रही थी, तो रास्ते में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पत्नी को बचाने पहुंचे उसके पति के साथ भी मारपीट की गई। परिवार ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी पहले भी बच्चों को स्कूल जाते समय डराते-धमकाते थे। घटना के बाद स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर परिवार ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी। पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
