रुद्रपुर। शुगर का उपचार कराने रुद्रपुर के निजी अस्पताल पहुंचे बाजपुर निवासी 61 वर्षीय व्यक्ति की मंगलवार शाम मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
बाजपुर के बेरिया दौलत निवासी राजपाल सरना को शुगर की परेशानी थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में जांच के दौरान उनके खून में संक्रमण होने की बात सामने आई, जिसके बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि संक्रमण होने के बावजूद मरीज को ब्लड चढ़ाया गया। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर तक राजपाल की हालत सामान्य थी और वह खाना भी खा रहे थे, लेकिन शाम को अचानक उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि मरीज के पैर के अंगूठे में भी परेशानी थी और सोमवार को उनकी स्थिति सामान्य थी। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। हालांकि, इलाज में लापरवाही और मौत के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
—
कोट:
मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी। – विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर
