मामूली बाइक भिड़ंत पर नेशनल खिलाड़ियों को पीटा, एक का सिर फोड़ा, डी-मार्ट के सामने 8 से 10 युवकों पर मारपीट का आरोप, अगले महीने लुधियाना में टूर्नामेंट खेलने जाना है खिलाड़ियों को

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में डी-मार्ट के सामने मामूली बाइक भिड़ंत के बाद नेशनल हैंडबॉल खिलाड़ियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 8 से 10 युवकों ने गाली-गलौज करते हुए खिलाड़ियों पर हमला कर दिया। लोहे के कड़े और मोबाइल से सिर पर वार किए जाने से एक खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ितों ने ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 

पीड़ित भरत यादव और उनके साथियों के अनुसार, घटना बीती रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच की है। वे आवास विकास की ओर से बाइक से आ रहे थे। डी-मार्ट के पास सामने से आ रहे युवकों की बाइक से उनकी बाइक की हल्की टक्कर हो गई। आरोप है कि मामूली भिड़ंत के बाद भी युवकों ने विवाद शुरू कर दिया। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने माफी मांगकर मामला शांत करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माने और मारपीट शुरू कर दी।

 

आरोप है कि हमलावरों ने लोहे के कड़े और मोबाइल से सिर पर वार किए, जिससे एक खिलाड़ी का सिर फट गया। बीच-बचाव करने पहुंचे साथियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। घायल खिलाड़ी को सिर में गंभीर चोट आई है।

 

पीड़ितों ने बताया कि वे अगले महीने लुधियाना में होने वाले नेशनल हैंडबॉल टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में मारपीट की घटना से उनकी तैयारियों पर भी असर पड़ सकता है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और घायल खिलाड़ी के इलाज का खर्च दिलाने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।