घर में 100 किलो सोना दबा होने का लालच, लाखों की रकम और जमीन हड़पने की साजिश!

खटीमा। घर में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर एक व्यक्ति को जाल में फंसाने और फिर उसकी जमीन हड़पने की साजिश रचने का आरोप सामने आया है। तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर लाखों रुपये लेने, जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान कराने और हथियार दिखाकर धमकाने के आरोप में खटीमा पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पीड़ित को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भी दबाव बनाया गया। पुलिस मामले में धनराशि के लेन-देन और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

 

पुलिस के अनुसार, वादी ने तहरीर में आरोप लगाया कि लक्ष्मण सिंह भाटिया और उसके साथियों ने उसके पिता को घर और जमीन में भारी मात्रा में सोना दबा होने की बात कहकर विश्वास में लिया। इसके बाद कथित तांत्रिक क्रियाओं, पूजा-पाठ और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई। आरोप है कि इस दौरान भूमि संबंधी दस्तावेजों पर भी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान कराए गए। दस्तावेजों में करीब 46 लाख और 80 लाख रुपये की धनराशि अंकित होने की बात कही गई है।

 

तहरीर में पीड़ित के पिता को कार में ले जाकर बंधक बनाने, हथियार दिखाकर डराने और बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। वादी ने करीब 10 लाख रुपये नकद लिए जाने और जमीन को कम कीमत पर बिकवाने की साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम से पीड़ित के पिता पर गंभीर मानसिक दबाव पड़ा।

 

रेलवे स्टेशन के पास से दबोचे आरोपी

 

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर खटीमा पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से जुड़े आरोपी रेलवे स्टेशन के पास कहीं जाने की फिराक में हैं। पुलिस ने संजय पार्क रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण सिंह भाटिया निवासी भूड़ महोलिया, विवेक कुमार निवासी बानूसी-झनकट, नंद किशोर निवासी बंडिया और शिव सिंह राणा निवासी मोहम्मदपुर भुड़िया शामिल हैं।

 

पुलिस ने चारों को धोखाधड़ी, भयादोहन, आपराधिक षड्यंत्र समेत संबंधित आरोपों में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार किया है। मामले की विवेचना जारी है। पुलिस जमीन के लेन-देन, दस्तावेजों और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।