रुद्रपुर। कुंडा कोतवाली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई हुई है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और प्रभावी चेकिंग में लापरवाही के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने दो चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार, 10 अक्तूबर को कुंडा कोतवाली क्षेत्र में भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। हादसे में सात लोग घायल हो गए थे, जबकि तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद सड़क हादसों की रोकथाम और प्रभावी चेकिंग व्यवस्था को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए चेकिंग में लापरवाही पर कार्रवाई के आदेश दिए।
कार्रवाई की जद में शिवराजपुर पट्टी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ भारती और मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज देव आए हैं। दोनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
एसएसपी की इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था में लापरवाही के प्रति सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता और नियमित चेकिंग की जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया जा रहा है।
