नवरात्र पर नौ दिन बंद रहेगी मांस की बिक्री, चौड़ीकरण की जद में आए मंदिरों का होगा भव्य पुनर्निर्माण

महापौर विकास शर्मा ने की घोषणा, झाड़ी बाबा मंदिर समेत चार धार्मिक स्थलों को दूसरी जगह किया जाएगा स्थापित

रुद्रपुर। नवरात्र पर नगर निगम क्षेत्र में नौ दिन तक कच्चे और पके मांस की बिक्री बंद रहेगी। वहीं, सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे चार मंदिरों को आसपास उचित स्थान पर स्थापित कर उनका भव्य पुनर्निर्माण कराया जाएगा। महापौर विकास शर्मा ने शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए शहर का विकास कराया जाएगा और मंदिरों को बेहतर स्थान पर स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

 

महापौर ने कहा कि नवरात्र आस्था और श्रद्धा का पर्व है। श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम क्षेत्र में नौ दिनों तक कच्चे और पके मांस की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई इस दौरान मांस बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्वों पर लोगों की भावनाओं का सम्मान करने के साथ शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखना भी जरूरी है।

 

उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और शहर के विकास को गति देना है। इस दौरान जिन धार्मिक स्थलों को स्थानांतरित करने की जरूरत पड़ रही है, उन्हें उपेक्षित नहीं छोड़ा जाएगा। नैनीताल रोड स्थित झाड़ी बाबा मंदिर, विश्वकर्मा मंदिर, गुरुनानक स्कूल के सामने घंटाघर वाला मंदिर और इंडेन गैस एजेंसी के पास स्थित मंदिर को उचित स्थान पर स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। महापौर ने कहा कि इन मंदिरों के लिए आसपास बेहतर जगह तलाशकर उनका भव्य निर्माण कराने का प्रयास होगा, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में परेशानी न हो।

 

महापौर ने कहा कि विकास कार्यों को धर्म या जाति के नजरिये से देखने के बजाय शहर के समग्र विकास के रूप में समझना चाहिए। सड़क चौड़ीकरण के दौरान कुछ संरचनाओं और धार्मिक स्थलों को स्थानांतरित करने की जरूरत पड़ सकती है, लेकिन इसका अर्थ आस्था की अनदेखी करना नहीं है। विकास और धार्मिक परंपराओं का सम्मान साथ-साथ चलना चाहिए। उन्होंने मंदिरों के पुनर्स्थापन के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय उनके बेहतर निर्माण और शहर के विकास में सहयोग करने की अपील की।

 

इस दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने महापौर का आभार जताया। मुलाकात करने वालों में विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष सचिन शर्मा, नगर संयोजक प्रिंस कोली, नगर उपाध्यक्ष अजय पाल, नगर मंत्री सदेहव दास गुप्ता, यश चौहान, जोगिंदर चौहान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।