रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से बाइक सवार मुनीम ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने कार सवार अज्ञात लोगों और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, नई बस्ती फुलसुंगा निवासी राम किशोर गल्ला मंडी में मुनीम था। वह मोटरसाइकिल से धान का सैंपल लेकर राइस मिल जा रहा था। बिंदल हुंडई के पास सड़क किनारे खड़ी कार संख्या यूके06एटी-1339 में सवार व्यक्ति ने अचानक दरवाजा खोल दिया। बाइक दरवाजे से टकराने पर राम किशोर सड़क पर गिर गए और वहां से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गए।
स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार सवार दोनों लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। भाई चंद्रपाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
