रुद्रपुर। भूखंड बेचने का सौदा कर ढाई लाख रुपये लेने और बाद में उसी भूखंड को किसी अन्य महिला को बेच देने का मामला सामने आया है। शिमला बहादुर निवासी शेर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बिचौलिए समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, मई 2025 में रामचंद्र गंगवार ने शेर सिंह की शिशुपाल से मुलाकात कराई थी। शिमला पिस्तौर में एक भूखंड का सौदा तीन लाख रुपये में तय हुआ। आरोप है कि सौदे के तहत शेर सिंह ने ढाई लाख रुपये शिशुपाल के बैंक खाते में जमा कर दिए। शेष रकम रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई थी।
तहरीर के मुताबिक, रजिस्ट्री के लिए आठ अप्रैल 2026 की तारीख तय थी। तारीख नजदीक आने पर शेर सिंह ने आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया। छानबीन करने पर पता चला कि जिस भूखंड का सौदा उससे किया गया था, वह पहले ही सीमा बेगम नाम की महिला को बेचा जा चुका था।
रकम वापस मांगने पर आरोप है कि शेर सिंह को 50 हजार रुपये खर्च कर हत्या कराने और शव गायब करने की धमकी दी गई। बिचौलिए पर दलाली के नाम पर लिए 50 हजार रुपये वापस नहीं करने का भी आरोप है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
